सागर में पश्चिम बंगाल के युवक पर चाकू से हमला, घायल बीएमसी में भर्ती, लूट की कोशिश

0

सागर में पश्चिम बंगाल के युवक पर चाकू से हमला, घायल बीएमसी में भर्ती

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में 19 फरवरी को पश्चिम बंगाल के एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात में वह गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में जारी है। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, क्योंकि घायल के परिजनों ने इसे भाषाई विवाद से जोड़ दिया, जबकि पीड़ित ने खुद इस दावे से इनकार किया है।

घायल युवक की पहचान मोहम्मद शाहिद पिता शाजिद शेख, निवासी कोलकाता (पश्चिम बंगाल), हाल निवास गोविंदपुरा, कैंट सागर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब चार वर्षों से सागर में रहकर गांव-गांव जाकर बच्चों के कपड़े बेचने का काम करता है।
शाहिद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 19 फरवरी को वह बिलहरा की ओर फेरी लगाने गया था। शाम को लौटते समय ग्राम समनापुर के पास उसने शौच के लिए अपनी बाइक रोकी। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और अचानक वाहन रोकने को लेकर उससे उलझ पड़े। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने चाकू से वार किया, जिससे उसके पेट, हाथ और जांघ पर गंभीर चोटें आईं। उसने बताया कि शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। घटना के दौरान उसका मोबाइल भी वहीं गिर गया।
गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से आगे उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक पेट में लगा घाव गहरा है और फिलहाल उसका इलाज जारी है।

सोमवार रात बीएमसी में इलाज के दौरान शाहिद ने कहा कि हमलावरों की मंशा पैसे और मोबाइल छीनने की थी। उसने साफ कहा कि बांग्ला भाषा बोलने को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं हुआ।
उसने बताया कि 11 फरवरी को वह कोलकाता से सागर लौटा था और रोज की तरह फेरी लगाने निकला था। परिवार को घटना की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए गलतफहमी पैदा हुई होगी।
पत्नी का आरोप, वेलफेयर बोर्ड ने लिया संज्ञान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहिद की पत्नी नूरेफा बीवी ने दावा किया कि बंगाली भाषा में बात करने को लेकर उसके पति से मारपीट की गई। मामला सामने आने पर वेस्ट बंगाल माइग्रेंट वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड ने संज्ञान लिया।
समीरुल इस्लाम, जो टीएमसी सांसद होने के साथ-साथ वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन भी हैं, ने घटना पर चिंता जताई और कहा कि पीड़ित के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बोर्ड के सदस्य सहिदुर रहमान ने भी परिवार से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राज्यों में बंगाली बोलने वाले कामगारों को निशाना बनाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपियों की तलाश
मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन रोकने की बात पर विवाद होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद मारपीट हुई।
उन्होंने कहा कि घायल का इलाज चल रहा है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here