वन विभाग की कार्रवाई, जंगली जानवर के मांस के साथ चार लोगों पर कार्यवाही
सागर। वीरांगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व, सागर वनमंडल अधिकारी ने बताया कि दिनांक 09.02.2026 को रात्रि लगभग 8.15 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व, सागर के गेम परिक्षेत्र सिंगपुर अंतर्गत राजस्व ग्राम हरदुआ में कृष्णा कुर्मी के खेत पर जंगली जानवर के मांस पका कर खा रहे थे। सूचना मिलते ही वन दल तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां चार व्यक्ति पाए गए। चारों व्यक्ति जंगली सुअर का मांस खाते हुए पाए गए। पूछताछ करने पर जंगली सुअर का पका मांस खाने की बात स्वीकार की गई।
चारों व्यक्तियों की पहचान सूरज वल्द छोटेलाल रैकवार, उम्र 35 वर्ष, सुरेश पिता रुपनारायण रैकवार, उम्र 23 वर्ष, सीताराम पिता धरमदास पटेल, उम्र 40 वर्ष एवं हरिसिंह पिता दयाली गोड़, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई। सभी निवासी साकिन हरदुआ के विरुद्ध वन अपराध के तहत अवैध शिकार का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। उक्त चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां चारों आरोपियों के विरुद्ध जेल वारंट जारी कर उन्हें जेल अभिरक्षा में भेज दिया गया।


