किन्नर के घर हथियारबंद बदमाशों का धावा, 30 लाख की डकैती

0

किन्नर के घर हथियारबंद बदमाशों का धावा, 30 लाख की डकैती

मुरैना (मध्य प्रदेश)। जिले के अंबाह कस्बे में शनिवार देर रात एक किन्नर के घर बड़ी डकैती की घटना सामने आई है। आरोप है कि रात करीब 2 बजे 8 से 10 हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर चार किन्नरों को बंधक बना लिया और सोना, चांदी व नकदी समेत करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
डकैती अंबाह के बाइपास क्षेत्र में रहने वाली किन्नर राबिया के घर हुई। उस समय राबिया के साथ उनके तीन चेले भी घर में मौजूद थे और सभी सो रहे थे। राबिया ने पुलिस को बताया कि बदमाश सीढ़ी के सहारे छत पर पहुंचे और गैस कटर से छत का दरवाजा काटा। इसके बाद वे दूसरी मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर उतर आए।
घर में घुसते ही बदमाशों ने तीनों चेलों को कट्टे की नोक पर जगाया और उन्हें बांध दिया। इसके बाद किन्नर राधिका को धमकाते हुए उन्होंने गुरु राबिया का कमरा खुलवाया। कमरे से 22 तोला सोना, करीब 4 किलो चांदी और लगभग 4 लाख रुपए नकद निकाल लिए गए। इसके अलावा किन्नरों ने जो गहने पहन रखे थे, वे भी उतरवा लिए गए।
इतना ही नहीं, बदमाश घर में रखे मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सुराग न मिल सके।
एक बदमाश फारसी भाषा में कर रहा था बात
राबिया किन्नर का आरोप है कि लूटपाट के बाद बदमाशों ने एक-एक कर सभी चेलों को अलग कमरे में ले जाकर उनके साथ अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान बदमाश लगातार यह पूछते रहे कि घर में कोई पुरुष मौजूद है या नहीं। राबिया ने यह भी बताया कि गिरोह में शामिल एक व्यक्ति फारसी भाषा में बात कर रहा था, जिससे उन्हें आशंका है कि इस वारदात में किसी परिचित किन्नर की भूमिका हो सकती है।
शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी
पीड़ित किन्नर के मुताबिक, बदमाशों ने जाते समय जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की गई तो बाहर बधाई देने जाते समय गोली मार दी जाएगी। बताया गया कि बदमाश लूटे गए मोबाइल फोन घर से कुछ दूरी पर मिट्टी में गाड़कर चले गए।
घटना की जानकारी सुबह करीब 4 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अंबाह पुलिस सक्रिय हुई।
डॉग स्क्वॉड और एएसपी मौके पर पहुंचे
रविवार सुबह मुरैना से डॉग स्क्वॉड की टीम और एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डावर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। एएसपी डावर ने बताया कि नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ पहुंचे थे और कट्टे की नोक पर सोना, चांदी और नकदी लूट ले गए। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here