तेज रफ्तार बोलेरो ने छीनी तीन जिंदगियां , काम से लौट रहे मजदूरों की दर्दनाक मौत

0

रहली रोड पर भीषण हादसा, टक्कर के बाद पलटी बोलेरो  घायलों को छोड़ भागे आरोपी

सागर। ढाना पुलिस चौकी क्षेत्र, रहली रोड पर शनिवार शाम काम से घर लौट रहे तीन मजदूरों की बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही जान गंवा बैठे। टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई, जबकि वाहन में सवार लोग कार छोड़कर भाग निकले।

मजदूर रोज सागर आते थे काम पर

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान दीना अहिरवार (45) निवासी हर्रा, किशन अहिरवार (50) वार्ड क्रमांक-5 रहली, और मथुरा (56) निवासी पथरिया दमोह के रूप में हुई है। तीनों सागर के साबूलाल मार्केट इलाके में भवन निर्माण कार्य करते थे और प्रतिदिन बाइक से काम पर आते-जाते थे।

शाम को घर जाते समय हुआ हादसा

शनिवार की शाम मजदूरी खत्म कर तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। ढाना के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो (वाहन क्रमांक MP 15 CA 8033) ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। जोरदार भिड़ंत के बाद तीनों मजदूर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बोलेरो पलटी, कार सवार फरार

टक्कर मारने के बाद बोलेरो असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। वाहन में बैठे लोग भी घायल हुए, लेकिन वे दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए, जिससे पुलिस को उनकी पहचान करने में दिक्कत हो रही है।

पुलिस जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही ढाना चौकी पुलिस पहुंची और पंचनामा तैयार कर शवों को अस्पताल भिजवाया। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।
चौकी प्रभारी के अनुसार बोलेरो के चालक और सवारों की तलाश जारी है तथा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here