पत्नी रूठकर चली गई थी मायके, पति ने बंद कमरे में फंदा लगाकर देदी जान !
भोपाल। राजधानी के सूखीसेवनिया थाना इलाके में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगा ली। दो दिन तक घर से बाहर नहीं निकलने पर पड़ोस में रहने वाली उसकी एक रिश्तेदार ने घर जाकर देखा, तब घटना का पता चला। पुलिस ने मर्ग कायम कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि विवाद होने के बाद उसकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी।
इस वजह से वह तनाव में रहता था।
सूखीसेविनया थाना पुलिस के मुताबिक क्रेशर बस्ती में रहने वाला 38 वर्षीय अशोक पुत्र सोमत सिंह अहिरवार बिजली कंपनी में संविदा कर्मचारी था। वह मूलत: सिरोंज जिला विदिशा का रहने वाला था। 14 वर्ष पहले उसकी शादी सिरोंज में ही रहने वाली संगीता से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं।
पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद
पुलिस की छानबीन में यह जानकारी भी सामने आई कि अशोक को शराब पीने की लत थी, इस कारण पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। इस वजह से संगीता दो माह पहले बच्चों को लेकर मायके चली गई। थी। अशोक ने उससे मनुहार कर घर लौट आने के लिए भी कहा, लेकिन वह नहीं मानी। दो दिन तक अशोक के घर से बाहर नहीं निकलने पर शुक्रवार शाम को पड़ोस में रहने वाली उसकी रिश्तेदार उसके घर पहुंची, तो घटना का पता चला।