हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनी गौरवशाली गणतंत्र की 74 वीं वर्षगाँठ
भोपाल। गौरवशाली गणतंत्र की 74 वीं वर्षगाँठ मध्यप्रदेश में भी हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई गई। यहाँ लाल परेड मैदान में आयोजित हुए मुख्य समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली।
राज्यपाल श्री पटेल ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। हर्ष फायर के बीच पुलिस बैण्ड ने ‘‘जन गण मन‘‘ की धुन बजाई। साथ ही राष्ट्रपति के सम्मान में जयकारे लगाए गए। हर्ष फायर के बाद पुलिस बैंड की मधुर धुन के बीच आर्कषक संयुक्त परेड निकली। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2018 बैच के अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालाघाट आदित्य मिश्रा ने किया। परेड टू-आई सी. का दायित्व उप पुलिस अधीक्षक एटीएस राहुल कुमार सैयाम ने निभाया। संयुक्त परेड में गुजरात रिजर्व पुलिस बल, अश्वरोही दल व श्वान दस्ता समेत 19 टुकडि़याँ शामिल थीं।
संयुक्त परेड में शामिल मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल की टुकड़ी का नेतृत्व 6 वीं वाहिनी एसएएफ के निरीक्षक विजय सिंह मेहरा ने किया। इसी तरह जिला पुलिस बल एवं शासकीय रेल पुलिस (पुरूष) टुकड़ी का निरीक्षक कपिल कुमार शर्मा, विशेष सशस्त्र बल, जिला बल व शासकीय रेल पुलिस की संयुक्त महिला टुकड़ी का उप निरीक्षक सुश्री प्रियंका राय, एस.टी.एफ टुकड़ी का नेतृत्व निरीक्षक अमर सिंह अलावा, हॉक फोर्स टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक शिवम मिश्रा, गुजरात रिजर्व पुलिस बल टुकड़ी का निरीक्षक राजूभाई राठवा, जेल विभाग टुकड़ी का सहायक जेल अधीक्षक पंकज कुशवाहा, मध्यप्रदेश होमगार्ड टुकड़ी का उप निरीक्षक मनीष यादव, भूतपूर्व सैनिकों टुकड़ी का सेवा निवृत्त कमांडर श्री अनुराग सक्सेना, एन.सी.सी. आर्मी विंग (बॉयज) टुकड़ी का सीनियर अंडर ऑफीसर श्री सूर्यप्रताप, सीनियर डिवीजन एन.सी.सी. आर्मी विंग गर्ल्स टुकड़ी का सीनियर अंडर ऑफीसर सुश्री मुस्कान यादव, एन.सी.सी.एयर विंग टुकड़ी का कैडेट सीनियर अंडर ऑफीसर कु.तनुषा भोयर, एन.सी.सी नेवल विंग टुकड़ी का कैडेट कैप्टन श्री राज चौहान, गाइड (गर्ल्स) टुकड़ी का सुश्री सुहानी वर्मा, स्काउट्स(बॉयज) टुकड़ी का आदित्य तिवारी, पुलिस (बॉयज) टुकड़ी का दुर्गेश सोनी, पुलिस बैंड का निरीक्षक सुनील कटारे, श्वान दल का नेतृत्व उपनिरीक्षक प्रकाश नारायण शर्मा एवं अश्वरोही दल का नेतृत्व निरीक्षक राकेश कुमार गौंड ने किया।
इन्हे मिला पुरस्कार
परेड में हॉकफोर्स को प्रथम, मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल को द्वितीय एवं एसटीएफ प्लाटून को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार अशासकीय में भूतपूर्व सैनिक को प्रथम, एनसीसीएयर विंग को द्वितीय तथा सीनियर डिवीजन एनसीसी आर्मी विंग गर्लस, एनसीसी नेवल विंग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
इनकी रही मौजदगी
गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना सहित संभाग आयुक्त मालसिंह भायडि़या, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एस.ए.एफ. साजिद फरीद शापू, पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।