जिला अस्पताल के मर्चुरी में रखें शव की आंख गायब,एक माह के अंदर ऐसा दूसरा मामला सामने आया
सागर। जिला अस्पताल की मर्चुरी में शव की एक बार फिर आंख गायब होने सनसनीखेज मामला सामने आया है। शव दो दिन पहले मर्चुरी के फ्रिजर में रखवाया गया था। गुरुवार को पीएम के लिए डॉक्टर और परिवार वाले पहुंचे। शव फ्रीजर से बाहर निकाला तो उसकी आंख गायब थी। प्राथमिक जांच में चूहों द्वारा आंख कुतरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मामला सामने आते ही अस्पताल प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी- मृतक रमेश अहिरवार निवासी किशोर न्यायालय के पीछे सागर 15 जनवरी को घर से बगैर बताए कहीं चला गया था। 16 जनवरी को वह घायल अवस्था में मिला था। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान 17 जनवरी को रमेश की मौत हो गई थी। जिसके बाद शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखे डीप फ्रीजर में रखवाया गया था। लेकिन गुरुवार को शव पीएम के लिए निकाला तो उसकी आंख गायब थी। सूचना मिलते ही अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की है।
अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम का रेनोवेशन किया जा रहा है। यहां निर्माण कार्य के चलते व्यवस्थाएं अस्त व्यस्त हैं। जमीन खुदी पड़ी है। हालांकि मर्चुरी में रखे डीप फ्रीजर चालू हैं। जिनमें शव रखे जा रहे हैं। यहां बात दें अस्पताल की मर्चुरी से शव की आंख गायब होने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले बीते दिनों मृतक मोती गौंड निवासी आमेट के शव की आंख गायब हुई थी।
उस समय फ्रीजर खराब होने के कारण शव मर्चुरी में खुली टेबल पर रखा था। मामला सामने आने के बाद मर्चुरी के फ्रीजर सुधरवाए गए थे। साथ ही मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई थी। लेकिन अब तक टीम ने जांच रिपोर्ट पेश नहीं की है।
इनका कहना हैं
जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. अभिषेक ठाकुर ने बताया कि मृतक के शव को मर्चुरी में फ्रीजर में रखवाया गया था। फ्रीजर चालू हैं। प्राथमिक जांच में शव की आंख चूहों द्वारा कुतरने की आशंका है। मामले में मर्चुरी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।