बन्ना-बन्नी के गीत के साथ बजेगी शहनाई
बुंदेलखंडी परंपरा से होगा स्वागत सत्कार भव्य आयोजन के साथ संपन्न होगा कन्यादान विवाह महोत्सव: विधायक श्री शैलेंद्र जैन 26 मई को सागर के बालाजी मंदिर में 135 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत आज 26 मई 2022 को सागर नगर में विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि इस समारोह में दूल्हा-दुल्हन और परिजनों का स्वागत सत्कार बुंदेलखंडी परंपरा के साथ किया जाएगा। नगर के प्रसिद्ध मंदिर श्री बालाजी परिसर में आयोजित होने वाले इस समारोह में 135 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
विधायक शैलेंद्र जैन ने बताया कि बुंदेलखंडी संस्कृति के अनुसार परिणय महोत्सव में बन्ना-बन्नी के परंपरागत गीतों के साथ शहनाई बजेगी। उन्होंने कहा कि भव्य आयोजन के साथ सभी 135 जोड़ों का विवाह संपन्न किया जाएगा जिसमें तमाम प्रकार की उत्तम व्यवस्था रहेंगी। उन्होंने कहा कि, घोड़ी, डोली, बग्घी, मंडप, वरमाला का स्टेज और लम्हों को यादगार बनाने के लिए सेल्फी प्वाइंट जैसी समस्त प्रकार की उत्तम व्यवस्थाएं कार्यक्रम स्थल पर रहेंगी।
ब्यूटी पार्लर, आभूषण केंद्र और मेडिकल पॉइंट भी रहेगा आयोजन स्थल पर
विधायक शैलेंद्र जैन ने बताया कि समारोह स्थल पर वर वधु के श्रृंगार के लिए ब्यूटी पार्लर की व्यवस्था भी की गई है। यहां आजीविका मिशन के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर कोर्स में प्रशिक्षित महिलाएं भी उपस्थित रहेंगी। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल केंद्र की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर वधु के लिए ठंडे पानी, छांछ, आवश्यकतानुसार अलग से वेटिंग हॉल की भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही देसी पकवानों के साथ उच्च गुणवत्ता का भोजन परोसा जाएगा।
विधायक शैलेंद्र जैन ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवाह / निकाह समारोह के अंतर्गत शासन द्वारा तय किए गए नियमानुसार वर-वधु को दिए जाने वाले गृहस्थी के सामान और उपहार उच्च गुणवत्ता के हों। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्य और जिला प्रशासन द्वारा समस्त तैयारियां की जा रही हैं। सागर नगर में भी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर कलेक्टर दीपक आर्य, नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रशेखर शुक्ला, सागर एसडीएम श्रीमती सपना त्रिपाठी, आयोजन समिति से संयोजक श्री वीरेंद्र पाठक, श्रीमती अनीता अहिरवार, रामकुमार साहू, रामेश्वर नामदेव, श्रीमती संध्या इटोरया उपस्थित थे।