सागर के गौरझामर शराब दुकान में तोड़फोड़-मारपीट: दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सहित चार अब भी फरार
सागर जिले के गौरझामर में शराब दुकान पर हमला कर कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी सहित चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पूरा मामला…..
सागर जिले के गौरझामर में शराब दुकान पर तोड़फोड़ और कर्मचारियों से मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हालांकि वारदात का मुख्य आरोपी रामजी सहित चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई की रात नकाबपोश बदमाश शराब दुकान में घुस गए थे। आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और दुकान के बाहर खड़ी बाइकों में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने शराब दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें पूरी वारदात कैद मिली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने गढ़ाकोटा निवासी मनीष रैकवार और शुभम नामदेव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मुख्य आरोपी रामजी का शराब ठेकेदार मनीष लोधी से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते वह अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।
गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारुखी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे की पूरी वजह भी स्पष्ट हो सकेगी।


