जुलाई में हर हाल मे पूरी हो सोयाबीन की बुवाई, खाद की कमी नही होनी चाहिए: कमिश्नर अनिल सुचारी
सागर। कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में सहकारिता, एमपी एग्रो, बीज निगम, कृषि, वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं मंडी बोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री पी.सी. शर्मा सहित संबंधित विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
खरीफ बुवाई में तेजी लाने के निर्देश
कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि संभाग में खरीफ फसलों की बुवाई शीघ्र पूरी कर ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई माह में सोयाबीन की बुवाई का शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। इसी तरह धान, मक्का, दलहन और तिलहन आदि फसलों की बुवाई भी समय पर पूर्ण हो। उन्होंने बताया कि सागर जिले में सोयाबीन की बुवाई का रकबा पिछले साल की तुलना में बढ़ गया है। सागर जिले में मक्का, सोयाबीन और उड़द प्रमुख फसलें हैं।
खाद-बीज और ऋण वितरण पर जोर
कमिश्नर ने कहा कि संभाग में खाद की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। ई-विकास प्रणाली के माध्यम से किसानों को खाद का वितरण बेहतर ढंग से किया जाए। उन्होंने बताया कि संभाग में यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और ई-विकास प्रणाली से खाद वितरण की व्यवस्था में सुधार हुआ है। मांग के अनुरूप खाद की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एमपी एग्रो, बीज निगम और सहकारी बैंकों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर बीज, खाद और केसीसी ऋण उपलब्ध कराए जाएं। बीज गुण नियंत्रण, उर्वरक नियंत्रण और मृदा नमूना विश्लेषण की कार्रवाई बेहतर तरीके से की जाए।
मंडी और सहकारिता की समीक्षा
कमिश्नर श्री सुचारी ने मंडी बोर्ड की भी समीक्षा की। उन्होंने मंडियों में फसलों की आवक, मंडियों की आय और ई-मंडी प्रणाली की जानकारी ली। उन्हें अवगत कराया गया कि मंडी में मूंग और उड़द की खरीदी जारी है। उड़द पर 600 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस दिया जा रहा है। उन्होंने उड़द प्रोत्साहन योजना एवं प्राकृतिक खेती के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सहकारी बैंकों को ऋण वसूली का प्रतिशत बढ़ाने, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों का बेहतर संचालन और वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन को भंडारण क्षमता दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग समन्वय कर कार्य करें ताकि किसानों को समय पर संसाधन मिलें और संभाग में कृषि उत्पादन बढ़े।
उपस्थित अधिकारी
बैठक में सहकारिता, एमपी एग्रो, बीज निगम, कृषि, वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, म.प्र. राज्य सहकारी बैंक, म.प्र. राज्य सहकारी विपणन संघ एवं मंडी बोर्ड सागर संभाग के संभागीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


