8 जुलाई से कामबंद हड़ताल की चेतावनी, 15वें दिन भी निगम कर्मचारियों का धरना जारी
ब्यूरो गजेंद्र ठाकुर- सागर। नगर निगम कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर सभी कर्मचारी संगठनों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 15वें दिन भी जारी रहा। पुराने एवं नए निगम कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने शंख, झालर और ढोल बजाकर विरोध प्रदर्शन किया तथा निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना को संबोधित करते हुए कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव एवं सागर संभाग प्रभारी राजेश सिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष शईदउद्दीन कुरैशी तथा कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेंद्र खटीक ने कहा कि बार-बार आश्वासन के बावजूद कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों का निराकरण नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थापना शाखा की कार्यप्रणाली के कारण कर्मचारियों की समस्याएं लंबित हैं और शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कर्मचारी संगठनों ने घोषणा की कि 7 जुलाई को निगम प्रशासन को सद्बुद्धि देने के लिए सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 8 जुलाई से नगर निगम में कामबंद हड़ताल शुरू की जाएगी।
धरना स्थल पर मनोज चौबे, अनिरुद्ध चांचोदिया, शैलेन्द्र जड़िया, माधव चढ़ार, अखिलेश शुक्ला, चंद्रविजय गौर, सुदेश सनकत, राजेंद्र मलैया, कुलदीप वाल्मीकि, सुरेंद्र महावत, शशांक जैन, संजय रैकवार, अरविंद सोनी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
इनका कहना हैं
महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों के निराकरण पर कार्य जारी है और आवश्यकता पड़ने पर लोन लेकर भी सैलरी दी जाएगी। वहीं निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि वे शासकीय कार्य से बाहर हैं और दो दिन बाद सागर लौटकर कर्मचारियों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।


