ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप पर डकैती की थी तैयारी, पुलिस ने 5 बदमाशों को दबोचा; वारदात से पहले ही नाकाम हुई बड़ी साजिश
सागर। जिले की बीना पुलिस ने प्रो-एक्टिव पुलिसिंग का परिचय देते हुए एक संभावित बड़ी डकैती की वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया। पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में 10 जून की रात थाना बीना पुलिस क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मालखेड़ी रोड स्थित अनिल इंडस्ट्रीज की खाली बैरक के बाहर कुछ लोग एक बड़ी चोरी और डकैती की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। यहां पांच युवक आपस में बीना नगर के सानिया ज्वेलर्स और शाह पेट्रोल पंप में चोरी एवं डकैती की योजना पर चर्चा करते मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक चाकू, तीन गुलेल, मिर्ची पाउडर, दो हाईड्रोलिक कटर, चार पेंचकस, दो तोता पाना, दो कील निकालने वाले पाना, पत्थर के टुकड़े तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने सानिया ज्वेलर्स और शाह पेट्रोल पंप को निशाना बनाने की योजना स्वीकार की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीना थाने में बीएनएस की धारा 310(4) और 310(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में लखा सिंह पारदी, कुलदीप मोगिया, मंदू उर्फ नंदकिशोर पारदी, तारा सिंह पारदी और गजराज सिंह पारदी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार समय रहते की गई कार्रवाई, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और सतर्क निगरानी के चलते एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा


