सागर। थाना मोतीनगर क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड स्थित मछरयाई इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हत्या एवं हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में सागर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे फरियादी ओम साहू एवं उसके भाई मयंक साहू के साथ आरोपियों ने विवाद कर गाली-गलौज की। विवाद के दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी, जिससे मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं ओम साहू पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मोतीनगर पुलिस सक्रिय हुई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने लगातार दबिश देकर 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि विरुद्ध बालक निवासी बाघराज वार्ड आवासीय कॉलोनी, आर्यन आठिया (18) निवासी तिली गांव थाना गोपालगंज तथा एक 60 वर्षीय महिला निवासी विवेकानंद वार्ड शामिल है।
पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 0/26 के तहत धारा 296(ए), 109(1), 103(1), 190, 191(1), 191(2) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत एवं उनकी टीम ने रात्रि भर दबिश देकर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
सागर पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


