पैसे नहीं देने पर बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला, कंधे में धंसा रहा चाकू, वीडियो सामने आया
सागर। जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में बदमाशों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर मना करने से नाराज युवकों ने एक बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चाकू बुजुर्ग के बाएं कंधे के पास धंस गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात बड़ी माता मंदिर क्षेत्र में एक बुजुर्ग से करीब पांच युवकों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। बुजुर्ग द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे चाकू बुजुर्ग के कंधे में धंस गया।
घटना के बाद घायल बुजुर्ग लहूलुहान हालत में सड़क पर पैदल चलते दिखाई दिए। राहगीरों ने उन्हें संभाला और तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मोतीनगर पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर रही है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में लगातार सामने आ रही मारपीट, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। विभिन्न क्षेत्रों में हो रही ऐसी वारदातों से लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। नागरिकों का कहना है कि अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और बदमाशों में पुलिस का खौफ कम होता नजर आ रहा है। प्रशासन से शहर में अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठ रही है।


