खेत में फंदे से लटका मिला किसान का शव, जमीन विवाद के चलते आत्महत्या की आशंका

0

खेत में फंदे से लटका मिला किसान का शव, जमीन विवाद के चलते आत्महत्या की आशंका
सागर/खुरई। खुरई देहात थाना क्षेत्र के प्यासी गांव में एक 53 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान का शव उसके ही खेत में बने कच्चे मकान की दहलान में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान कलू रैकवार पिता हरिराम रैकवार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के बेटे विष्णु रैकवार ने पुलिस को बताया कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार शाम को भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उनके पिता काफी तनाव में आ गए थे। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल खुरई भेज दिया।
थाना प्रभारी संतोष सिंह के अनुसार, फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी ने उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया तो नहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here