महुआ का थैला उठाकर जंगल में चला गया बाघ, ग्रामीण दूर खड़ा देखता रहा
उमरिया । जिले के बांधवगढ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र के बंदर चुई इलाके में एक अनोखी घटना सामने आई है। जंगल में महुआ बीन रहे एक ग्रामीण के पास अचानक बाघ पहुंच गया। ग्रामीण पेड़ के नीचे महुआ बीनकर थैले में भरकर रखा हुआ था, तभी बाघ वहां आकर पहले कुछ देर पेड़ के नीचे बैठा रहा। इसके बाद उसने महुआ से भरा थैला मुंह में दबाया और जंगल की ओर चला गया।
घटना के दौरान ग्रामीण कुछ दूरी पर खड़ा होकर बाघ को देखता रहा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जो सोमवार को चर्चा का विषय बना रहा। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र बफर एरिया में आता है, जहां पर्यटकों का भी आना-जाना लगा रहता है। वीडियो सामने आने के बाद वन अमले ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
पनपथा बफर क्षेत्र के अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिलने के बाद जंगल में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही महुआ बीनने के लिए जंगल जाने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने और समूह में जाने की सलाह दी जा रही है।


