MP बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2026 जारी: 73.42% छात्र पास, MP की प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 499 अंक के साथ किया टॉप
माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कुल 73.42% नियमित विद्यार्थी सफल रहे, जिसमें छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है।
एमपी बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं परीक्षा परिणाम में इस वर्ष पन्ना जिले की प्रतिभा सिंह सोलंकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 499 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
हाईस्कूल की परीक्षाएं 13 फरवरी से 6 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। परीक्षा में कुल 8,97,061 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें 7,87,733 नियमित और 1,09,328 प्राइवेट परीक्षार्थी थे।
परिणाम में छात्राओं ने बाजी मारी है। छात्राओं का पास प्रतिशत 77.52% रहा, जबकि छात्रों का 69.31% दर्ज किया गया।
इस बार शासकीय स्कूलों का प्रदर्शन निजी स्कूलों से बेहतर रहा है। सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 76.80% रहा, जबकि निजी स्कूलों का 68.64% रहा।
मेरिट सूची में कुल 378 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें 235 छात्राएं और 143 छात्र शामिल हैं, जिससे टॉपर्स में भी छात्राओं का दबदबा साफ नजर आया।
जिलावार प्रदर्शन में अनूपपुर जिला 93.85% परिणाम के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि आलीराजपुर 92.14% के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
इस वर्ष बोर्ड ने पूरक परीक्षा की जगह ‘द्वितीय अवसर परीक्षा’ का प्रावधान लागू किया है। मुख्य परीक्षा में असफल, अनुपस्थित या अंक सुधारने वाले छात्र 7 मई 2026 से आयोजित होने वाली इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
वहीं, कुल 2,89,693 छात्र फेल घोषित किए गए हैं और परीक्षा के दौरान 47 नकल के मामले भी सामने आए हैं।


