सागर में देर रात सड़क हादसा, पिता समेत दो की मौके पर मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

0

सागर में देर रात सड़क हादसा, पिता समेत दो की मौके पर मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

Ad 1

सागर में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। गुरुवार-शुक्रवार की रात सिहोरा के पास हुए इस हादसे में बेटी की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने निकले पिता सहित दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान सुभाष नगर, सागर निवासी 45 वर्षीय देवी प्रसाद अहिरवार और उनके साथी रामकुमार अहिरवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देवी प्रसाद की बेटी की शादी 28 अप्रैल को तय थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी क्रम में वे अपने साथी के साथ रिश्तेदारों को निमंत्रण देने सिहोरा गए थे।
रात में वापस लौटते समय मंडी गेट के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिहोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को राहतगढ़ अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
परिजनों का कहना है कि टक्कर मारने वाला वाहन संभवतः पिकअप था, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियों को लेकर खुशी का माहौल था, वहां अचानक शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here