सागर में निर्माणाधीन बिल्डिंग के चौथे माले से गिरकर मजदूर की मौत

0

निर्माणाधीन बिल्डिंग के चौथे माले से गिरकर मजदूर की मौत
सेंटरिंग के दौरान गिरा 28 वर्षीय युवक, पुलिस ने शुरू की जांच

सागर।  कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन चार मंजिला मकान में काम कर रहे एक मजदूर की गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद मजदूर तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तीनबत्ती से कोतवाली जाने वाले मार्ग पर एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य जारी है। सोमवार को मजदूर चौथे मंजिल पर सेंटरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान कनेरा गौंड निवासी 28 वर्षीय संजय अहिरवार अचानक संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया। वह सीधे सड़क पर आ गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।

सहकर्मियों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।

घटना की खबर मिलते ही संजय के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी अपील की है।

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान गिरने से मजदूर की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here