अब ये होंगे सेबी के नए अध्यक्ष, जाने कितना रहेगा कार्यकाल 

अब ये होंगे सेबी के नए अध्यक्ष, जाने कितना रहेगा कार्यकाल 

नई दिल्ली। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) को नया अध्यक्ष मिल गया है। 1987 बैच के आईएएस अधिकारी तुहिन कांत पांडे को सेबी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे मौजूदा अध्यक्ष माधबी पुरी बुच का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 28 फरवरी को समाप्त हो रहा है। केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। पांडे का कार्यकाल तीन साल का होगा और उनकी नियुक्ति को लेकर केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है।

वित्त मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्यरत हैं पांडे

तुहिन कांत पांडे ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में वित्त मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने 9 जनवरी को अरुणीश चावला की जगह वित्त सचिव का पद संभाला था। इससे पहले, वे राजस्व सचिव के प्रभार में भी थे। आम बजट से पहले उनकी नियुक्ति वित्त मंत्रालय के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही थी।

माधबी पुरी बुच थीं सेबी की पहली महिला अध्यक्ष

मौजूदा अध्यक्ष माधबी पुरी बुच ने 2 मार्च 2022 को सेबी प्रमुख का पद संभाला था। वे सेबी की पहली महिला अध्यक्ष थीं और उनका कार्यकाल तीन साल का रहा। उन्होंने अजय त्यागी का स्थान लिया था, जो 2017 से 2022 तक पांच वर्षों तक इस पद पर रहे थे। उनसे पहले यूके सिन्हा ने भी लगातार छह साल तक सेबी का नेतृत्व किया था।

पांडे की शैक्षणिक पृष्ठभूमि

तुहिन कांत पांडे ने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा, उन्होंने बर्मिंघम विश्वविद्यालय (यूके) से एमबीए किया है। उन्होंने ओडिशा राज्य वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक और ओडिशा लघु उद्योग निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

अब तुहिन कांत पांडे पर भारतीय शेयर बाजार के नियमन और वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top