400 सीटों पर तो भाजपा ने प्रत्याशी भी खड़े नहीं किए, साउथ में तो बीजेपी जीरो रहेगी: कुणाल चौधरी

400 सीटों पर तो भाजपा ने प्रत्याशी भी खड़े नहीं किए, साउथ में तो बीजेपी जीरो रहेगी: कुणाल चौधरी

सागर। भाजपा झूठ और फरेब की राजनीति करती है, वह कह रही है 400 सीटें आएंगी, अरे कैसे आएंगी, 400 सीटों पर तो उसने अपने प्रत्याशी तक खड़े नहीं किए हैं! दक्षिण भारत में देख लेना वहां भाजपा जीरो रहेगी। वे आपको यहां भी डराने—धमकाने आएंगे, लेकिन आप एक बात ध्यान रखना, हमारा कांग्रेस का प्रत्याशी गुड्डू राजा कोई हल्का—पतला आदमी नहीं है! आपके ऊपर कोई आंच आएगी, अगर आपको कोई आंख दिखाएगा तो उसको ठीक करने का काम पूरी ताकत से हम करेंगे। यह बात कांग्रेस के स्टार प्रचारक व पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने कही। वे सोमवार को शमशाबाद विधानसभा में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

सागर लोकसभा क्षेत्र के शमशाबाद, वरदा और खुरई में जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की बैठकों का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के स्टार प्रचारक पूर्व विधायक कुणाल चौधरी और पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी सहित कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और जनता के बीच जाकर कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगा। शमशाबाद बूथ स्तरीय सम्मेलन में कुणाल चौधरी ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की हालत पूरे देश में खराब है। एमपी में भी हालत पतली है। कांग्रेस माताओं-बहनों को हर साल 1 लाख रुपए, युवाओं को एक लाख रुपए, बेरोजगारों को रोजगार देने का काम करेगी। कांग्रेस ने 5 गारंटी दी हैं, जिसे सरकार बनते ही लागू किया जाएगा।

BJP संविधान को बदलना, लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है: कुणाल चौधरी

स्टार प्रचारक कुणाल चौधरी ने लोगों को बताया कि भाजपा 400 सीटें क्यों चाहती है, क्योंकि पूर्ण बहुमत के बाद वे संविधान को बदलना चाहते हैं, देश में लोकतंत्र समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। भाजपा झूठ और फरेब की राजनीति कर रही है। देश में जो बाबा साहब अंबेडकर के सपनों का संविधान है, जो संविधान महात्मा गांधी की सोच का संविधान है, जो पं. जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, मौलाना अब्दुल कलाम से लेकर शहीदों के सम्मान का संविधान है, उसे ये लोग खत्म करना चाहते हैं। कुणाल चौधरी ने कांग्रेस के घोषणा-पत्र की गारंटियां और लोकतंत्र की रक्षा और गरीबों व आमजन के हित में कांग्रेस के वायदों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी और गैस सिलेंडर 400 रुपए का था तो उसे भाजपा विनाश बताती थी, अब 1200 का सिलेंडर मिल रहा है, इसे ये विकास बताते हैं, इन्हें शर्म भी नहीं आती है।

आखिरी सांस तक आप लोगों के साथ रहूंगा: गुड्डू राजा

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा ने कहा कि क्षेत्र की आमजनता, व्यापारियों, किसानों और माताओं-बहनों व युवाओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की सरकार बनने और मेरे सांसद बनने के बाद आपकी सारी समस्याएं दूर की जाएंगी। मैं आखिरी सांस तक आप लोगों के साथ रहूंगा, यह मेरा वायदा है। जहां कार्यकर्ताओं का पसीना बहेगा, वहां गुड्डू राजा अपना खून बहाने को तैयार रहेगा। जो डराने—धमकाने का काम कर रहे हैं, उन्हें बता दो बुंदेलों ने पहले मुगलों फिर अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी है, अब भाजपा के इन लोगों से लड़ाई लड़ेंगे। उनके डराने-धमकाने की चिंता मत करना, मैं आपके साथ खड़ा हूं।

कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में यह मौजूद रहे

स्टार प्रचारक पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री प्रभुसिंह ठाकुर, जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी, शमशाबाद विधानसभा प्रभारी विंधु विक्रम सिंह, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष धनराज धाकड़, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप रत्नाकर, सेवादल अध्यक्ष पप्पू धाकड़, मंडलम अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, सेक्टर अध्यक्ष सूरज शर्मा, सेक्टर अध्यक्ष नितेश जौनपुरी, नटेरन ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सिंह रघुवंशी, देव खजूर ब्लॉक अध्यक्ष राज नारायण शर्मा, खामखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष मलखान सिंह मीणा, पीपलधार ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिंह यादव, जिला महामंत्री रमेश तिवारी, कृष्ण राजा छतरपुर, इंदर सिंह, धीरेंद्र द्विवेदी पन्ना सहित ब्लॉक अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, कांग्रेस पदाधीकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top