खुरई में चुनाव तो तभी खत्म हो गया था जब कांग्रेस को महीनों की खोज के बाद भी कोई ठीक प्रत्याशी ढूंढने से नहीं मिला- भूपेंद्र सिंह

खुरई विधानसभा क्षेत्र के लिए यह चुनाव विकास का उत्सव, रिकॉर्ड बनाने मतदान होगा – मंत्री भूपेंद्र सिंह

कहा- कुंठाग्रस्त कांग्रेसी घटिया स्तर पर उतरे

सागर। किसी को विकास देखना है तो खुरई, मालथौन बरोदिया कलां, बांदरी आए। यहां चुनाव नहीं हो रहे यहां हम सब मिलकर विकास की दीपावली का उत्सव मना रहे हैं। बरोदिया कलां में हुई नुक्कड़ सभा में अपने ऐसे संबोधन के साथ ही मंत्री व भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह ने इस बात पर दुख व्यक्त किया कि कांग्रेस के नेता कुंठाग्रस्त होकर अपनी सभाओं में उन्हें राक्षस बताकर वध करने जैसी घटिया शब्दावली पर उतर आए हैं और चुनाव प्रचार करने आए उनके 21 वर्षीय बेटे अबिराज सिंह को भी भाषणों में घटिया शब्दावली के साथ टारगेट कर रहे हैं।
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि खुरई में चुनाव तो तभी खत्म हो गया था जब कांग्रेस को महीनों की खोज के बाद भी कोई ठीक प्रत्याशी ढूंढने से नहीं मिला। अब यहां जीत का रिकॉर्ड बनाने के लिए मतदान की प्रक्रिया हो रही है। खुरई विधानसभा क्षेत्र वासी इसे विकास के उत्सव की भांति मना रहे हैं और भाजपा की जीत का रिकॉर्ड बनाने अधिकतम मतदान का रिकॉर्ड भी टूटेगा।
श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान भी कल मालथौन की सभा में कह कर गए हैं कि भूपेंद्र सिंह का बस चले तो यह खुरई विधानसभा क्षेत्र को स्वर्ग बना दे। मुख्यमंत्री भी यह कह कर गए हैं कि भूपेंद्र सिंह की जीत का प्रदेश में रिकॉर्ड बनेगा। मंत्री श्री सिंह ने क्षेत्रवासियों से कहा कि जीत का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनेगा तो मेरा कद बढ़ेगा जिसका पूरा लाभ क्षेत्र को ही मिलेगा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह विकास का चुनाव है। इस रिकॉर्ड विजय में बरोदिया कलां क्षेत्र से सबसे बड़ा योगदान होगा। मैं ईश्वर से सिर्फ यही प्रार्थना करता हूं कि वह मुझे इस योग्य बनाए कि मैं गरीब का जीवन बदल सकूं। क्षेत्र के बच्चों का भविष्य संवार सकूं। उन्होंने कहा कि यह भी ईश्वरीय संकेत ही है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र की वोटिंग मशीन में भी संयोग से भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल पहले नंबर पर ही है।‌

नुक्कड़ सभा में बड़ी संख्या में आईं लाडली बहनों को संबोधित करते हुए मंत्री भूपेंद्र सिंह ने दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि कांग्रेस ने लगातार चुनाव आयोग में शिकायत करके लाडली बहनों के खाते में किश्त डालने पर रोक लगाने की मांग की थी पर नियमानुसार भाजपा सरकार ने दीपावली के पांच दिन पहले ही सभी लाडली बहनों के खाते में 1250 रु डाल कर अपना वायदा पूरा किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपने वचनपत्र में लिखा है और कल मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान भी आप सबको बताकर गए हैं कि लाडली बहनों की राशि 3000 महीना की जाएगी और वे सभी बहनें भी चुनाव के बाद योजना से जुड़ेंगी जो अपना रजिस्ट्रेशन कराने से चूक गईं थी। उन्होंने बताया कि 21 साल से अधिक की सभी अविवाहित बहनें भी लाडली बहना योजना से जोड़ी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी प्रण किया है कि अब लखपति बहना भी बनेंगी।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस को वोट मांगते शर्म भी नहीं आती। 65 साल में कोई काम किया नहीं, सभाओं में यह बताते नहीं कि क्या किया था, आगे क्या करना चाहते हैं। कांग्रेसी यह नहीं बताएंगे वे भूपेंद्र सिंह को गालियां देकर राक्षस बताएंगे, क्या चुनाव इसके लिए होते हैं, लोगों के लिए ही बुरा हूं जो गरीब के मुफ्त राशन पर डाका डालेगा या गरीब की जमीन पर कब्जा करेगा। उन्होंने कहा कि बरोदिया कलां को अब चुनाव बाद तहसील बनाएंगे, यहां कॉलेज खोलेंगे और सीएम राइज स्कूल बनाएंगे। बच्चों का भविष्य बनाना और नागरिकों के जीवन की मुश्किलें कम करना, गरीब के जीवन में बदलाव लाना ही तो रामराज्य है।
कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश के महरौनी से पूर्व विधायक देवेन्द्र सिंह लोधी मदनपुर ने भी संबोधित किया और कहा कि मंत्री भूपेंद्र सिंह सच्चे मायनों में सबका साथ, सबका विकास,सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह जी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं सागर में ही पला बड़ा हूं और आप सबके बीच रहा हूं। मैं इस क्षेत्र में पहले से आ रहा हूं। जहां एक समय कुछ नहीं हुआ करता था वहां आज दो-दो किलोमीटर तक लाइट, सड़कें, हॉकर्स जोन, स्टेडियम, बस स्टैंड, सभी प्रकार के विकास कार्य हुए हैं। इन सबको देखकर लगता है कि खुरई विधानसभा में शानदार विकास हुआ है। और इस बार आप सभी को भूपेंद्र भैया के साथ चलना है और उनकी जीत का रिकॉर्ड बनाना है। पूर्व विधायक ने कहा कि भूपेंद्र भैया कई मायनों में सही साबित हो रहे हैं, मेरा आप लोगों से अनुरोध है कि इस बार चुनाव में सभी को कमल खिलाना है।किसी का भी वोट अन्य पार्टी के लिए नहीं जाना चाहिए।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा एवं खुरई के विकास से प्रभावित होकर मंत्री भूपेंद्र सिंह के समक्ष अंबिका प्रसाद शास्त्री, मेहरबान यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, रघुवीर सिंह ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली।
कार्यक्रम में विनोद तिवारी, महापौर प्रतिनिधि सुशील तिवारी, नरेश यादव, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीना देवी, राजेंद्र सिंह दरी, मालथौन अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, केसरी बिखिरिया, वीरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष रामकुमार बघेल आदि उपस्थित रहे।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top