सागर में अधिवक्ता की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
सागर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित सदर इलाके में मंगलवार को एक अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर निवासी एडवोकेट दीपक रंजन तिवारी मंगलवार सुबह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। बताया गया कि उनकी आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो वे घर में जमीन पर पड़े मिले। इसके बाद परिजन बिना देर किए उन्हें सागर के बंसल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिवक्ता दीपक रंजन तिवारी के निधन की खबर मिलते ही उनके साथी वकील, परिचित और शुभचिंतक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। घटना से अधिवक्ता समुदाय में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतक के परिजन फिलहाल इस संबंध में कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं, कुछ परिचितों का कहना है कि दीपक रंजन तिवारी के खिलाफ एक प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन था, जिसे लेकर वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। यह भी बताया जा रहा है कि इसी कारण वे कुछ दिनों से अदालत नहीं जा रहे थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


