विकसित भारत की कल्पना विद्यार्थियों ने चित्रों में उकेरी, जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचेंगे चयनित विद्यार्थी
सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन रहे।
विधायक जैन ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प और कल्पना को अपनी चित्रकला के माध्यम से कागज पर जीवंत किया है। बच्चों की प्रतिभा और कल्पनाशक्ति देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। भारत विज्ञान, अंतरिक्ष और रक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न संकुलों से चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में चयनित पांच विद्यार्थी 26 सितंबर को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी ने स्वागत भाषण में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मयंक नेमा ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन शिक्षिका दीपा चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर अनिरुद्ध डिम्हा, नवरत्न हजारी, शिक्षक मनोज नेमा, मनीष नेमा, राघवेंद्र सिंह, बीजू थॉमस, शैलेंद्र सिंह, प्रदीप शर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।








