मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की नजर क्यों नहीं? कटनी में छापे के बाद उठे सवाल

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की नजर क्यों नहीं? कटनी में छापे के बाद उठे सवाल

सागर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की नजर क्यों नहीं? कटनी में छापे के बाद उठे सवाल

सागर। प्रदेश के दूसरे शहरों में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से चल रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन सागर में ऐसे सेंटरों को लेकर पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में है। शहर के मोतीनगर चौराहे, भोपाल रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास, गोपालगंज और मकरोनिया क्षेत्र में अनेक स्पा सेंटर संचालित हैं। इनके संचालन और गतिविधियों को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन करीब एक साल से कोई बड़ी पुलिस कार्रवाई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है।

हाल ही में कटनी पुलिस की कार्रवाई ने सागर में भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कटनी के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां और कटाई घाट मोड़ के पास स्थित नेचुरल थाई स्पा सेंटर और आवा स्पा सेंटर पर पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर एक साथ छापेमारी की। डीएसपी शिवा पाठक और महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में पुलिस ने पहले दोनों सेंटरों में डमी ग्राहक भेजे। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश दे दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों सेंटरों से 10 युवतियों और 6 से 7 युवकों को पकड़ा। मौके से शराब की बोतलें, दवाइयां, अन्य आपत्तिजनक सामग्री और डमी ग्राहकों द्वारा दिए गए 4500 रुपये जब्त किए गए। पुलिस पूछताछ में मध्य प्रदेश के अलावा असम, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मुंबई और आगरा से महिलाओं के यहां पहुंचने की जानकारी सामने आई। कुछ के नाबालिग होने की आशंका भी जताई गई है। महिला थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब कथित नेटवर्क के मुख्य संचालकों और मानव तस्करी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

कटनी की कार्रवाई बताती है कि पुलिस चाहे तो गोपनीय सूचना के आधार पर स्पा सेंटरों की गतिविधियों की जांच कर सकती है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि सागर में संचालित स्पा सेंटरों की नियमित जांच क्यों नहीं हो रही? पूर्व में कुछ कार्रवाई जरूर हुई थी, लेकिन उसके बाद से बड़े स्तर पर पुलिस की सक्रियता दिखाई नहीं दी।

शहर में संचालित सेंटरों के पंजीयन, संचालकों और कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन तथा वहां होने वाली गतिविधियों की जांच की जरूरत है। यदि सभी सेंटर नियमों के अनुसार संचालित हो रहे हैं तो जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए। वहीं किसी सेंटर में अनैतिक गतिविधियां या मानव तस्करी जैसी आशंकाएं सही पाई जाती हैं तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सागर के नए पुलिस अधीक्षक के सामने भी यह एक महत्वपूर्ण चुनौती है। महिला पुलिस और संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से शहर के सभी स्पा सेंटरों की गोपनीय जांच कराई जानी चाहिए। सवाल यह नहीं कि स्पा सेंटर संचालित क्यों हैं, बल्कि सवाल यह है कि उनकी गतिविधियों की निगरानी कौन कर रहा है?

कटनी में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब सागर में भी लोगों की निगाहें पुलिस पर हैं। देखना होगा कि शहर के स्पा सेंटरों की जांच कब शुरू होती है और कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब कब मिलता है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →