सागर में 12 पटवारियों पर गिरी गाज, 137 को शो-कॉज नोटिस
सागर। जनहितैषी और हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतना सागर जिले के पटवारियों को भारी पड़ गया। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कड़े प्रशासनिक रुख के तहत 12 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 137 अन्य पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
बताया गया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर नहीं पहुंचाने और संबंधित कार्यों में लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। समीक्षा बैठकों और मैदानी निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों तथा कार्यप्रणाली में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निलंबित पटवारियों में सागर ग्रामीण की मीना खैरवार और लक्ष्मी जाटव, गढ़ाकोटा के अखिलेश दीक्षित, केसली के राजकुमार गौड़ और भूपेन्द्र राज, खुरई के अजय श्रीवास्तव और गोविन्द राय, मालथौन के पुष्पेन्द्र भदौरिया और महेन्द्र अर्गल, बांदरी के योगेन्द्र प्रताप, बंडा के दिलीप राजा और अभिषेक कोरी तथा रहली के ब्रजेंद्र रावत शामिल हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।








