मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर: होटलों में खाद्य सुरक्षा टीम की दबिश, पनीर-आटा समेत खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
सागर: होटलों में खाद्य सुरक्षा टीम की दबिश, पनीर-आटा समेत खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

सागर: होटलों में खाद्य सुरक्षा टीम की दबिश, पनीर-आटा समेत खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

सागर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने रविवार को बीना के प्रमुख होटल एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, चना मसाला, आटा और चावल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं होटल श्री राम में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने होटल कलश, होटल कार्तिक और होटल श्री राम का निरीक्षण किया। होटल कलश के किचन व स्टोरेज एरिया की जांच के दौरान उपयोग किए जा रहे पनीर का नमूना लिया गया। होटल कार्तिक से चना मसाला, आटा और चावल के नमूने संग्रहित किए गए। होटल श्री राम से भी पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया।

होटल श्री राम के निरीक्षण में किचन के फर्श पर गंदा पानी जमा मिला। इसके अलावा रेफ्रिजरेटर में पके और कच्चे खाद्य पदार्थों को एक साथ असुरक्षित तरीके से रखा गया था। होटल में खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं किया गया था और जांच दल को आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इन अनियमितताओं पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।

बीते कुछ माह से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में लगातार ताबड़तोड़ निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही जांचों से विभाग पहले की अपेक्षा अधिक सक्रिय और सजग नजर आ रहा है। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर की जा रही कार्रवाई से संचालकों में भी नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

टीम ने होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल, पानी की लैब जांच रिपोर्ट तथा खाद्य पदार्थों की एनएबीएल अधिकृत लैब से कराई गई जांच रिपोर्ट संधारित रखने को कहा गया है।

सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अधोमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →