पंखा लगाते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौके पर ही गई जान
सागर/देवरी। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम बीना बारह में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक घर में पंखा लगाने की तैयारी कर रहा था, इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गया। घटना के वक्त वह घर में अकेला था। सूचना मिलने के बाद देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, छीर निवासी नरबदी पिता भगवानदास पटेल ग्राम बीना में सिकमी पर लिए गए खेत की रखवाली के लिए रह रहा था। बुधवार शाम वह अपने घर में नया पंखा लगाने के लिए उसकी टेस्टिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे बिजली का झटका लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
फोन नहीं उठा तो साथी ने घर जाकर देखा
नरबदी के साथी महेंद्र पटेल ने बताया कि उन्होंने नरबदी से संपर्क करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार फोन करने के बाद जब उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई तो वे उसके घर पहुंचे। वहां नरबदी बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।
महेंद्र ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की जानकारी मिलने पर देवरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच की और शव को देवरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद युवक की मौत के कारण की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।








