मंदिर निर्माण के लिए रेत ले जा रहे मजदूर से पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल
बंडा के ग्राम राख का मामला, ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत; संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग
सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में डायल-112 में तैनात एक पुलिसकर्मी पर मजदूर के साथ मारपीट और अभद्रता करने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। आरोप पुलिसकर्मी अजय यादव पर लगाए गए हैं, जो डायल-112 में पदस्थ बताए जा रहे हैं।
मामला ग्राम राख का है। पीड़ित विकास लोधी के मुताबिक, वह गांव में बन रहे मंदिर के निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर से रेत लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में डायल-112 के पुलिसकर्मी ने उसका ट्रैक्टर रुकवा लिया। साइड से वाहन चलाने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया।
विकास का आरोप है कि घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने जब पुलिसकर्मी के व्यवहार पर आपत्ति जताई, तो वह उसे अपने साथ थाने ले गया। पीड़ित ने थाने में भी उसके साथ दुर्व्यवहार किए जाने की बात कही है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण विकास लोधी को लेकर सागर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी के नाम लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी लोगों की सुरक्षा करना और जरूरत के समय उनकी मदद करना है। ऐसे में यदि पुलिसकर्मी ही आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करेंगे, तो इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और छवि पर सवाल खड़े होंगे।
फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद सभी की नजरें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।








