मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम हेतु एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण आयोजित

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम हेतु एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण आयोजित

महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम हेतु एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण आयोजित

POCSO एवं JJ Act के प्रभावी क्रियान्वयन, पीड़ितों के पुनर्वास तथा मानसिक स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

सागर। महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा एवं अपराधों की रोकथाम तथा संबंधित कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार, सागर में एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन पुलिस विभाग एवं युवा विकास मंडल (एनजीओ), सागर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की संवेदनशीलता, प्रभावी विवेचना, पीड़ितों के पुनर्वास, शिक्षा, चिकित्सा एवं मानसिक स्वास्थ्य सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यशाला में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

उद्घाटन एवं प्रारंभिक सत्र में किशोर न्याय बोर्ड की पीठासीन अधिकारी श्रीमती वीणा अग्निहोत्री एवं उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा शाखा) श्रीमती प्रतिमा जैन ने महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की संवेदनशीलता, पुलिस की भूमिका एवं विवेचना प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश कुमार गोमे (AS) ने सामाजिक एवं प्रशासनिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर इस प्रकार के समन्वित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।

विधिक एवं विवेचनात्मक प्रशिक्षण के दौरान जिला अभियोजन कार्यालय सागर की एडीपीओ श्रीमती रिपा जैन ने POCSO Act से संबंधित प्रकरणों की विवेचना में आवश्यक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने DNA परीक्षण, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), पीड़िता की जन्मतिथि एवं आयु संबंधी दस्तावेजों सहित आवश्यक साक्ष्यों के विधिक संकलन एवं उनकी प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

बाल संरक्षण एवं बाल अधिकार विषय पर जिला बाल कल्याण समिति (CWC) की अध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा ने CWC के कार्यों, बच्चों के अधिकारों, संबंधित कानूनों तथा पीड़ित बालक-बालिकाओं के लिए सपोर्ट पर्सन की नियुक्ति की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी।

मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक कार्य सत्र में युवा विकास मंडल के संचालक श्री राजेंद्र सिंह मेवाड़ा ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व तथा महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।

चिकित्सकीय एवं परामर्श सत्र में जिला चिकित्सालय सागर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीमती सरोज भूरिया ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित प्रकरणों में चिकित्सकीय पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं किशोर परामर्शदाता डॉ. सोनम चौबे ने किशोरवय बालक-बालिकाओं के मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार संबंधी पहलुओं एवं काउंसलिंग की प्रभावी प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया।

लगभग 100 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण

कार्यशाला में सागर जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ बाल कल्याण अधिकारी, ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य एवं शिक्षक, चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधि, CWC एवं JJ Board के परिवीक्षा अधिकारी, महिला सुरक्षा शाखा, JAB शाखा तथा युवा विकास मंडल NGO के प्रतिनिधियों सहित लगभग 100 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, पीड़ितों को त्वरित एवं संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराने तथा संबंधित प्रकरणों में विधिक, चिकित्सकीय एवं मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा शाखा) श्रीमती प्रतिमा जैन, प्रधान आरक्षक श्री यासीन खान, युवा विकास मंडल की समन्वयक श्रीमती प्रमिला मौर्य सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →