सागर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा मंगलवार, 13 अक्टूबर को सागर जिले के गढ़ाकोटा पहुंची।यहां पूर्व मंत्री विधायक गोपाल भार्गव सहित जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा, आरती और जय श्रीराम के जयकारों से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया।

गढ़ाकोटा में यात्रा के आगमन पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए और भगवा ध्वज लगाए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ यात्रा के स्वागत के लिए सड़कों पर जुटे। गोपाल भार्गव, अभिषेक भार्गव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश लहरिया सहित अन्य लोगों ने रथ का पूजन कर आरती उतारी।
पांच दिवसीय इस यात्रा का उद्देश्य सनातन हिंदू एकता, सामाजिक समरसता और जातिगत भेदभाव एवं छुआछूत को समाप्त करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना बताया गया है। यात्रा के माध्यम से हिंदू समाज को एकजुट करने और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का आह्वान भी किया जा रहा है।
गढ़ाकोटा के बाद रथ यात्रा सागर जिले के रहली और ढाना की ओर रवाना हुई। यात्रा को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया।








