8 अगस्त से थम सकते हैं मध्यप्रदेश में बसों के पहिए, बस ऑपरेटर्स ने दी प्रदेशव्यापी चक्का जाम की चेतावनी
सागर। बस किराया वृद्धि सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन ने बड़ा ऐलान किया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो 7 अगस्त की रात 12 बजे के बाद, यानी 8 अगस्त से प्रदेशभर में बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
सागर में आयोजित बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे बस ऑपरेटर्स ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। ऑपरेटर्स का कहना है कि वे लंबे समय से यात्री किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।
बस संचालकों के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में यात्री किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित है, जिसे बढ़ाकर 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर किए जाने की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि डीजल, स्पेयर पार्ट्स, बीमा और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार वृद्धि के कारण मौजूदा किराए पर बसों का संचालन आर्थिक रूप से संभव नहीं रह गया है।
बस ऑपरेटर्स ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 8 अगस्त से प्रदेशभर में बसों के पहिए थम जाएंगे। ऐसे समय में प्रदेश में धार्मिक मेले और विभिन्न आयोजन भी प्रस्तावित हैं, जिससे लाखों यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अब सबकी नजर सरकार और बस ऑपरेटर्स के बीच होने वाली बातचीत पर टिकी है। यदि समय रहते कोई समाधान नहीं निकला तो प्रदेशभर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।


