सागर: मंदिर में चोरी का 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश: 2 आरोपी गिरफ्तार, चांदी के जेवर व बाइक बरामद

सागर: मंदिर में चोरी का 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश: 2 आरोपी गिरफ्तार, चांदी के जेवर व बाइक बरामद

सागर। थाना गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का सामान, वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, टूटा हुआ ताला और एक मोटरसाइकिल बरामद की है

क्या था पूरा मामला?

दिनांक 27-28 जुलाई 2026 की दरमियानी रात तीन मढ़िया के सामने स्थित देव जानकी रमण बाबा घाट मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने भगवान की प्रतिमाओं पर चढ़े चांदी के मुकुट, छत्र, मुरली और पायलें पार कर दी थीं। फरियादी की शिकायत पर गोपालगंज थाने में अपराध क्रमांक 351/2026 (धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण और सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों का हुलिया और गतिविधियां चिन्हित की गईं। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों संदेहियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने कड़ाई से पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया की विशेष निगरानी में काम कर रही सादी वर्दी (सिविल ड्रेस) की टीम ने भी इस पूरी कार्रवाई और खुलासे में गोपालगंज पुलिस की महत्वपूर्ण मदद की जो अन्य मुआमलों में भी सक्रिय नजर आई हैं अब तक।

गिरफ्तार आरोपी

1. सत्यम उर्फ सत्तू सोनी (26 वर्ष), पिता- उमेश सोनी, निवासी- दूबे तालाब के पास, थाना मोतीनगर, सागर।

2. विशाल सोनी (31 वर्ष), पिता- स्व. मदनलाल सोनी, निवासी- रामबाग मंदिर के पास (किराए का मकान), थाना मोतीनगर, सागर।

15 चोरी की घटनाओं को दे चुका है अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सत्यम उर्फ सत्तू सोनी क्षेत्र का आदतन और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में चोरी के लगभग 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस की सतर्कता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के बल पर इस आदतन अपराधी को दबोचने में सफलता मिली।

गोपालगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और शत-प्रतिशत माल बरामदगी से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here