MP: प्रदेशभर में अवैध हूटर-बत्ती पर चला विशेष अभियान, सागर में पहले दिन नहीं दिखी सख्ती

MP: प्रदेशभर में अवैध हूटर-बत्ती पर चला विशेष अभियान, सागर में पहले दिन नहीं दिखी सख्ती

सागर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में 1 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक निजी वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए हूटर, लाल, पीली और नीली बत्ती, शासकीय स्टीकर, ब्लैक फिल्म तथा नियमों के विपरीत नंबर प्लेट के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित बनाना, कानून व्यवस्था को मजबूत करना तथा विशेषाधिकार का गलत इस्तेमाल करने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।

पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई सुनिश्चित करें।

हालांकि, अभियान के पहले दिन शनिवार को सागर जिले में इसका विशेष असर देखने को नहीं मिला। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और वीआईपी रूटों पर सामान्य दिनों की तरह यातायात चलता रहा। कई स्थानों पर ऐसे वाहन भी नजर आए जिन पर विभिन्न प्रकार के स्टीकर, अमानक नंबर प्लेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री लगी हुई थी, लेकिन उनके विरुद्ध किसी व्यापक विशेष जांच अभियान की तस्वीर सामने नहीं आई।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि निजी वाहनों पर अनाधिकृत हूटर, लाल, पीली या नीली बत्ती, शासकीय स्टीकर, ब्लैक फिल्म अथवा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग कानूनन प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके निजी वाहन पर इस प्रकार की कोई अनधिकृत सामग्री लगी है तो उसे तत्काल हटवा लें, ताकि अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। साथ ही नागरिकों से सुरक्षित, अनुशासित और कानूनसम्मत यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का भी आग्रह किया गया है।

अब निगाहें इस बात पर हैं कि आगामी दिनों में सागर पुलिस इस विशेष अभियान को कितनी गंभीरता से धरातल पर उतारती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कितनी प्रभावी कार्रवाई करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here