सागर पुलिस की सख्ती जारी, 16 मामलों के आरोपी आदतन अपराधी को 11 माह के लिए जिला बदर
सागर। पुलिस कप्तान अनुराग सुजानिया को कुछ ही माह हुए हैं जिले की बागडोर सम्हाले और बदमाशों पर नकेल कसनी तेजी से जारी हैं इसी तारतम्य में थाना मोतीनगर पुलिस ने आदतन एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 आपराधिक मामलों में शामिल आदतन अपराधी हेमंत अहिरवार (28) निवासी ग्यादीन तिगड्डा, विवेकानंद वार्ड को 11 माह के लिए जिला बदर कर दिया। जिला दण्डाधिकारी के आदेश के पालन में पुलिस ने 24 जुलाई 2026 को आरोपी को सागर एवं सीमावर्ती जिलों की सीमा से बाहर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले की सीमा तक छोड़कर निष्कासन आदेश का पालन कराया।

पुलिस के अनुसार हेमंत अहिरवार के खिलाफ वर्ष 2018 से 2025 के बीच हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, अवैध हथियार सहित कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। इसी आधार पर थाना मोतीनगर पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई का प्रस्ताव जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था, जिसे स्वीकृत करते हुए आरोपी को 11 माह के लिए सागर एवं सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित करने का आदेश जारी किया गया।
मोतीनगर थाना पुलिस के प्रभारी निरीक्षक जिसव6 सिंह ने बताया कि वर्तमान में थाना क्षेत्र के कुल 13 आदतन अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई प्रभावी है। इन सभी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई भी जिला बदर आदेश का उल्लंघन न कर सके। पुलिस का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


