सागर पुलिस की दोहरी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के तीन आरोपी गिरफ्तार, जुआ खेलते आठ लोग पकड़े गए
सागर। थाना मोतीनगर पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अलग कार्रवाई में जुआ खेल रहे आठ लोगों को रंगे हाथ पकड़कर उनके कब्जे से 8,320 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को बीएमसी अस्पताल से सूचना मिलने पर घायल महिला सोना कुर्मी (22), निवासी ग्राम सोमला के बयान दर्ज किए गए। महिला ने आरोप लगाया कि सुमन कुर्मी, सत्तू उर्फ सत्यनारायण कुर्मी और रामकुमार कुर्मी ने गाली-गलौज कर उसे पकड़ लिया तथा सुमन ने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे।
पीड़िता की शिकायत पर थाना मोतीनगर में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गुलाब बाबा मंदिर के सामने एक मकान में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर घेराबंदी की और भागने का प्रयास कर रहे आठ आरोपियों को पकड़ लिया। मौके से 8,320 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि मोतीनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों, जुआरियों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


