मोबाइल चला रहे किसान पर सियार का हमला, तीन बार किया अटैक; घायल अस्पताल में भर्ती
सागर जिले के खुरई तहसील के बेरी गांव में शुक्रवार रात एक किसान पर सियार ने हमला कर दिया। गांव के पास मोबाइल चलाते समय अचानक हुए इस हमले में किसान घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल खुरई के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बेरी गांव निवासी वकील सिंह राजपूत (42) रात में टहलने के लिए निकले थे। वे गांव के पास खड़े होकर मोबाइल चला रहे थे, तभी अचानक एक सियार ने उन पर हमला बोल दिया। किसान ने बताया कि सियार ने लगातार दो बार हमला किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान खुद को बचाने के लिए वे डंडा तलाशने लगे, लेकिन सियार ने तीसरी बार भी उन पर हमला कर दिया।
किसी तरह हाथ में डंडा आने के बाद उन्होंने अपना बचाव किया, जिसके बाद सियार जंगल की ओर भाग गया। हमले में किसान के हाथों में चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत खुरई के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद खुरई रेंजर चंद्रभूषण सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रात के समय सुनसान सड़कों या जंगल से लगे रास्तों पर अकेले जाने से बचें। साथ ही जंगल से सटे गांवों के लोगों को रात में घरों के दरवाजे बंद रखने और किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी है।


