मंत्री के नाम पर ज्वाइंट डायरेक्टर से मांगे रुपये, भोपाल क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया केस
भोपाल। प्रदेश सरकार के एक मंत्री का नाम लेकर ज्वाइंट डायरेक्टर से रुपये मांगने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के सिलसिले में क्राइम ब्रांच की टीम बुधवार को ग्वालियर पहुंची, जहां संदिग्ध युवक सलमान से करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद टीम आवश्यक जानकारी और साक्ष्य जुटाकर भोपाल लौट गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने मंत्री के नाम का हवाला देते हुए ज्वाइंट डायरेक्टर को फोन किया और रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ग्वालियर पहुंची और स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस के सहयोग से संदिग्ध से पूछताछ की। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच के डीसीपी अखिल पटेल के निर्देश पर की गई।
फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


