धर्मश्री शासकीय विद्यालय में संकल्प फाउंडेशन का वृक्षारोपण, 1400 पौधों का आंकड़ा पार
विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से लगाए गए 20 पौधे, 11 हजार पौधारोपण का रखा लक्ष्य
सागर। संकल्प फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत मंगलवार को शासकीय एकीकृत विद्यालय, धर्मश्री में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में 20 पौधे लगाए गए। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर फाउंडेशन द्वारा लगाए गए पौधों की संख्या बढ़कर 1400 हो गई है।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्यों के साथ विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
रिशांक तिवारी ने कहा कि संकल्प फाउंडेशन ने शहर में 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है और उसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान अब वार्डों और सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ विद्यालयों तक पहुंच चुका है, ताकि बच्चों में बचपन से ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उनका विश्वास है कि पौधारोपण में शामिल विद्यार्थी भविष्य में अपने घर, मोहल्ले और समाज में भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाएंगे।
फाउंडेशन के सदस्य मोनू लाड़िया ने कहा कि पूरी टीम निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण कर रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं अंबेडकर वार्ड अध्यक्ष हिमांशु साहू ने कहा कि वार्ड के शासकीय विद्यालय में पौधारोपण होना गर्व की बात है। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में चंदन लाड़िया, चंद्रेश चौधरी, सुनील अहिरवार, अनीकेत अहिरवार, राकेश श्रीवास्तव, जयंत विश्वकर्मा, अर्चना भाट, सविता सैनी, अंजुली जैन, अभिलाष जैन, द्रौपदी चौधरी, ज्योति दुबे, नीरज करोसिया, शुभम नामदेव, नमन चौबे, सुनील पाठक, शुभम पहलवान, अभिषेक साहू, शुभम सागर, देवाशीष दुबे, कार्तिक जाटव सहित विद्यालय परिवार, संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



