सागर कलेक्टर का सख्त एक्शन: D-ग्रेड विभागों को चेतावनी, समय सीमा से बाहर सीमांकन मामलों में लगेगी पेनल्टी
सागर। कलेक्टर कार्यालय में आज आयोजित साप्ताहिक समय सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कड़ा रुख अपनाया है। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के संबंध में बेहद सख्त निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने विशेष रूप से भू-अर्जन से जुड़ी लंबित शिकायतों पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कड़े लहजे में कह कि, भू-अर्जन की जितनी भी लंबित शिकायतें हैं, उनका तुरंत निराकरण किया जाए। जो शिकायतें 50 दिवस से अधिक समय से लंबित पड़ी हैं, उन पर विशेष ध्यान देकर तत्काल कार्य पूरा किया जाए। इसके साथ ही चालू माह में प्राप्त हुई सभी शिकायतों पर भी तेजी से काम करते हुए व्यवस्था में व्यापक सुधार लाया जाए।
समीक्षा के दौरान जिन विभागों का प्रदर्शन बेहद कमजोर पाया गया और जो डी- ग्रेड की श्रेणी में बने हुए हैं, उन्हें कलेक्टर ने सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि ‘D-Grade’ वाले सभी विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए कार्यों में तेजी से प्रगति लेकर आएं। लापरवाही बरतने वाले विभागों पर आगे कड़ी कार्रवाई की जा जाएगी
समय सीमा से बाहर सीमांकन मामलों पर लगेगी पेनल्टी (जुर्माना)
राजस्व और भूमि से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने सीमांकन के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, जो भी सीमांकन के मामले निर्धारित समयावधि से बाहर हो चुके हैं उन पर तत्काल नियमानुसार पेनल्टी (जुर्माना) लगाई जाए। इसके साथ ही अधिकारी इन सभी लंबित प्रकरणों का पूरा लेखा-जोखा और रिपोर्ट तैयार कर अगली प्रस्तुति के लिए लेकर आएं।


