देवरी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल, डंडे लेकर रात में उतरीं गश्त पर

0

देवरी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल, डंडे लेकर रात में उतरीं गश्त पर
देवरी/सागर। सागर जिले की देवरी तहसील के ग्राम पंचायत धुलतरा अंतर्गत मड़वा गांव में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार रात करीब एक दर्जन महिलाएं हाथों में डंडे लेकर गांव की सड़कों पर उतरीं और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि अब गांव में किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा।
महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री से गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है। नशे के कारण आए दिन पारिवारिक विवाद, मारपीट और सामाजिक अशांति की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी से परेशान होकर महिलाओं ने खुद ही रात में गश्त शुरू कर दी है, ताकि गांव में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मड़वा गांव की महिलाओं ने बड़ी संख्या में महाराजपुर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में गांव में खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
महिलाओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की और गांव में दोबारा अवैध शराब का कारोबार शुरू हुआ तो सभी महिलाएं एकजुट होकर इसका विरोध करेंगी। उनका कहना है कि गांव का भविष्य, युवाओं का जीवन और परिवारों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए अब अवैध शराब का कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों का मानना है कि महिलाओं की इस पहल से गांव में नशामुक्त वातावरण बनाने की दिशा में एक मजबूत संदेश गया है। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here