सागर जिले के व्यापारी ने कलेक्टर से लगाई गुहार, पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप

0

सागर जिले के व्यापारी ने कलेक्टर से लगाई गुहार, पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप

सागर। रहली निवासी व्यापारी अंकित जैन मंगलवार को आयोजित कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी शिकायत सौंपते हुए रहली पुलिस पर उनकी शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

अंकित जैन ने बताया कि 15 फरवरी 2026 को कृषि उपज मंडी में पदस्थ कर्मचारी पुरुषोत्तम हजारी ने उनकी अनाज से लदी गाड़ी के संबंध में कथित तौर पर फर्जी रसीद तैयार कर धोखाधड़ी की। घटना के बाद उन्होंने रहली थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनका कहना है कि अब तक पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है।

व्यापारी के अनुसार, उन्होंने इस प्रकरण को लेकर अब तक करीब 45 आवेदन विभिन्न अधिकारियों को सौंपे हैं, फिर भी किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा एफआईआर दर्ज करने के बजाय उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। अंकित जैन का यह भी दावा है कि थाना प्रभारी ने उनसे कहा कि संबंधित मंडी कर्मचारी उनके रिश्तेदार हैं, इसलिए इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी।

अंकित जैन ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उल्टा उनके खिलाफ ही दो प्रकरण दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here