सिहोरा पुलिस का अनोखा अभियान: मुनादी कर लोगों को किया साइबर ठगी के प्रति जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
सागर। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक लगाने और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के तहत सिहोरा चौकी पुलिस ने रविवार को अनोखे अंदाज में जनजागरूकता अभियान चलाया। चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल ने पुलिस टीम के साथ बाजार, बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए।
अभियान के दौरान पुलिस ने आमजन को बताया कि वर्तमान में साइबर अपराधी फर्जी फोन कॉल, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर, सोशल मीडिया लिंक और ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल ने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता अपनाकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत करे, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने रुककर पुलिस की बात सुनी और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि लोग साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बच सकें।


