सागर के मकरोनिया में भरभराकर गिरी तीन दुकानों की छत, बाल-बाल बचे लोग
सागर। मकरोनिया के झांसी रोड स्थित अवंती बाई मार्केट में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक साथ तीन दुकानों की छत और छज्जा भरभराकर नीचे गिर गए। घटना के समय दुकानों के आसपास एक दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी मलबे की चपेट में नहीं आया और जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, करीब 30 वर्ष पहले नगर सुधार न्यास द्वारा अवंती बाई मार्केट का निर्माण कराया गया था, जिसमें 50 से अधिक दुकानें बनाई गई थीं। नगर सुधार न्यास के नगर निगम में विलय के बाद वर्तमान में यह मार्केट नगर निगम के अधीन है। सोमवार को एक चार्ट सेंटर, एक कपड़े की दुकान और एक फोटोकॉपी दुकान का छज्जा अचानक गिर गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार सहित नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य कराया गया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया।
नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि मार्केट की दुकानें काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अवंती बाई मार्केट के साथ-साथ रजाखेड़ी स्कूल के आसपास स्थित ऐसी सभी पुरानी दुकानों को नोटिस जारी किए जाएंगे। 24 घंटे के भीतर दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी तथा इंजीनियरों से जांच कराकर जर्जर दुकानों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी जर्जर भवनों की समय रहते जांच और मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


