आर्मी के संवेदनशील कार्यालय के सामने बना होटल मिडास जांच के घेरे में, नगर पालिका ने जारी किया नोटिस
सागर। मकरोनिया के सिविल लाइन रोड स्थित होटल मिडास एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार मामला होटल के निर्माण, विभागीय अनुमतियों और सुरक्षा संबंधी पहलुओं से जुड़ा है। शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका ने जांच शुरू कर दी है और होटल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
जानकारी के अनुसार होटल के निर्माण से पहले आवश्यक विभागीय अनुमति और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण कार्य संबंधित नियमों और मानकों के अनुरूप किया गया था या नहीं।
मामले का सबसे अहम पहलू सुरक्षा से जुड़ा है। होटल के ठीक सामने सेना से जुड़े संवेदनशील कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में होटल की ऊपरी मंजिल से सैन्य गतिविधियों पर नजर रखे जाने की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर सेना की ओर से मकरोनिया नगर पालिका को लिखित आपत्ति भेजी गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि शिकायत के आधार पर होटल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। प्राप्त जवाब और दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहें हैं, देश से जुड़ी संवेदनशीलता से खिलवाड़ हो रहा हैं।


