चलती बस से 10 लाख के जेवरात चोरी, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

0

चलती बस से 10 लाख के जेवरात चोरी, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

पन्ना। चलती यात्री बस की छत पर रखी ट्रॉली काटकर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना नागौद से पवई लौट रही बस में करही चौराहा के पास हुई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों के सामान की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार पवई निवासी अनुराग बागरी की पत्नी रश्मि बागरी अपनी दो बहनों के साथ नागौद में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं। विवाह संपन्न होने के बाद तीनों बस से पवई लौट रही थीं। उनका सामान बस की छत पर रखा हुआ था।

बताया जा रहा है कि रास्ते में करही चौराहा के आसपास अज्ञात बदमाशों ने चलती बस की छत पर रखी ट्रॉली को कटर से काट दिया और उसमें रखे सोने के हार, चेन, झुमके, मंगलसूत्र समेत चांदी के बहुमूल्य आभूषण चोरी कर लिए। जब बस पवई पहुंची और ट्रॉली नीचे उतारी गई तो वह बुरी तरह कटी हुई मिली। ट्रॉली के अंदर रखे सभी कीमती जेवर गायब थे। घटना का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस के पूरे रूट, करही चौराहा क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका है।

घटना के बाद यात्रियों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से बसों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने तथा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here