शहर में बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई, चेकिंग अभियान में कई प्रकरण दर्ज
सागर। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के सागर नगर संभाग द्वारा शहर में बिजली चोरी और विद्युत कनेक्शनों में अनियमितताओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बिजली चोरी और नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए, जिन पर विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
नगर संभाग के कार्यपालन अभियंता इमरान खान ने बताया कि अधीक्षण अभियंता चंद्ररेखा प्रभाकर के मार्गदर्शन में सिविल लाइन जोन सहित अन्य क्षेत्रों में सघन जांच की गई। जांच के दौरान घरेलू विद्युत कनेक्शनों का व्यावसायिक उपयोग, स्वीकृत भार से अधिक लोड तथा कई स्थानों पर डायरेक्ट बिजली चोरी करते उपभोक्ता पाए गए।
अभियान के दौरान तिली, सिविल लाइन, द्वारका बिहार, अशोक बिहार और गोपालगंज क्षेत्रों में कई उपभोक्ताओं के खिलाफ पंचनामा तैयार कर बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए। संबंधित मामलों की आकलित बिलिंग कर वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में आकलित राशि और जुर्माना जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए जाएंगे। कंपनी ने उपभोक्ताओं से वैध तरीके से बिजली का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने की अपील की है।


