तेज रफ्तार का कहरः कार-बाइक की भिड़ंत में बुजुर्ग की मौत, इलाके में शोक

0

तेज रफ्तार का कहरः कार-बाइक की भिड़ंत में बुजुर्ग की मौत, इलाके में शोक

सागर जिले स्थित गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार और बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार 60 वर्षीय बुजुर्ग की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। राहगीरों ने घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गढ़ाकोटा के आजाद वार्ड निवासी 60 वर्षीय केशव भौरहरि के रूप में हुई है। केशव देर रात अपनी बाइक पर सवार होकर सागर रोड से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सागर-गढ़ाकोटा रोड पर पावर हाउस के सामने विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि उछलकर सड़क पर गिरी बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरी। इस हादसे में बुजुर्ग केशव के सिर
में गंभीर चोट आई थी। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बिना समय गंवाए उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल भेजा, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू करने के लिए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया, “कार और बाइक की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम करा दिया है। मामले को दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here