नकली खाद-बीज बेचने वालों पर दर्ज होगी FIR- कृषि उत्पादन आयुक्त

 

नकली खाद-बीज बेचने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर: कृषि उत्पादन आयुक्त

सागर। कृषि उत्पादन आयुक्त के.सी. गुप्ता ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि नकली खाद और बीज बेचने वाले फर्मों एवं व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अमानक स्तर का खाद-बीज मिलने पर संबंधित प्रकरणों में अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज कराई जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सागर एवं जबलपुर संभाग की खरीफ सीजन के लिए कृषि आदानों की समीक्षा बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता का खाद एवं बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कृषि अधिकारियों को गांव-गांव जाकर किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरक उपयोग करने तथा विभिन्न फसलों के लिए आवश्यक खाद की जानकारी देने के निर्देश दिए।

बैठक में खाद एवं बीज की उपलब्धता की जिलेवार समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। कलेक्टरों को खाद का उठाव तेज करने, ई-विकास उर्वरक प्रणाली के तहत समय पर टोकन जनरेट कराने तथा किसानों की फॉर्मर आईडी से सभी खातों को जोड़ने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

कृषि उत्पादन आयुक्त ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर किसानों को योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि अधिकारियों को लगातार किसानों के बीच कार्य करने को कहा।

सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने किसानों को कृषि कार्यों के लिए सहज एवं सुगमता से अल्पकालीन ऋण उपलब्ध कराने तथा कालातीत ऋणों की वसूली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कम बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की बात भी कही।

बैठक में सागर संभाग में पूसा किस्म की अरहर के रकबे को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों को किसानों को पूसा अरहर की खेती के लिए मार्गदर्शन देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, संयुक्त आयुक्त विकास राकेश शुक्ला सहित कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here