सागर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस सागर ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सांदीपनि विद्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 गंधाली कदम फ्रांसिस को ₹2500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त संगठन के अनुसार, महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह ट्रैप कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता गेंदाराम अहिरवार, निवासी ग्राम तोड़ा तरफदार, तहसील जैसीनगर, जिला सागर, उच्च माध्यमिक शिक्षक हैं।
शिकायत में बताया गया था कि परिवीक्षा अवधि के दौरान लंबित लगभग ₹61 हजार के डीए एरियर्स बिलों का भुगतान कराने के बदले सहायक ग्रेड-3 गंधाली कदम फ्रांसिस द्वारा ₹3000 रिश्वत की मांग की जा रही थी। बाद में सौदेबाजी के बाद रिश्वत की राशि ₹2500 तय हुई।
आवेदक ने 16 जून 2026 को लोकायुक्त कार्यालय सागर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने 18 जून को सांदीपनि विद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, सागर में जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी कर्मचारी को शिकायतकर्ता से ₹2500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह, निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, निरीक्षक रोशनी जैन सहित लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम शामिल रही।


